भीम प्रज्ञा न्यूज.बगड़। शिक्षा विभाग, झुंझुनूं एवं पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पीएसएल, बगड़ में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए समावेशी शिक्षा को लेकर दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के पांच चयनित ब्लॉक झुंझुनूं, मंडावा, चिड़ावा, पिलानी एवं सूरजगढ़ के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों, ब्लॉक संदर्भ व्यक्तियों एवं विशेष शिक्षकों ने सहभागिता की।कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समान अवसर, सहभागिता एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में अपनाए जा रहे समावेशी शिक्षा के वर्तमान अभ्यासों को समझना रहा। प्रतिभागियों ने विद्यालयों की स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक प्राथमिक बदलावों की पहचान की तथा आगामी 30 दिनों के लिए ब्लॉक स्तर की कार्ययोजना तैयार की।

कार्यशाला के दौरान गांधी फेलोज द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यालयों में किए जा रहे विभिन्न समावेशी नवाचारों एवं अनुकूल अभ्यासों को प्रदर्शित किया गया। प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर उपयोगी विचारों एवं अनुकूल अभ्यासों का चयन किया तथा उन्हें अपनी कार्ययोजना में शामिल किया।

Watermark

इस अवसर पर डाइट प्राचार्य सुमित्रा झाझड़िया, सहायक परियोजना समन्वयक नरेश कुमार, पीओ-एडीपीसी विनीत कुमार एवं जिला समन्वयक सीडब्ल्यूएसएन सरिता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने समावेशी शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें विद्यालय स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर जोर दिया।

पीरामल फाउंडेशन की ओर से मीनू रत्नानी, आभा कर्ण, सफिया शेख, विजेन्द्र भाटिया, गोल्डी नेगी एवं लक्ष्मी मलरा ने विभिन्न सत्रों का संचालन एवं सहजीकरण किया। कार्यशाला के माध्यम से शिक्षा विभाग एवं पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से जिले में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अधिक समावेशी एवं सहयोगी विद्यालयी वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।