भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। तीज पर्व एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर पचेरी कलां पुलिस ने समाजसेवी के सहयोग से अनूठी एवं सराहनीय पहल की। पुलिस थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट एवं पुष्प भेंट कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इस दौरान पुरुषों और महिलाओं को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी बुहाना नोपाराम भाकर के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तीज एवं स्वतंत्रता दिवस की खुशियों के साथ आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
हेलमेट जीवन की सुरक्षा का कवच
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी ISI मार्क हेलमेट पहनना चाहिए। हेलमेट केवल यातायात नियमों की पालना नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है।
पुलिस ने लोगों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने का आग्रह किया गया।
पर्व के साथ सुरक्षा का संदेश
पुलिस की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। समाजसेवी के सहयोग से वितरित किए गए हेलमेट को लोगों ने उपयोगी सुरक्षा उपहार बताया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से पचेरी कलां पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षित सड़क, सुरक्षित परिवार और सुरक्षित समाज का संदेश दिया तथा आमजन से यातायात नियमों की पालना कर पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


देश
राजनीति
Web Story





